Latest

नर्मदापुरम में क्या खास

नर्मदापुरम पर्यटन स्थल

पवित्र नर्मदा की गोद में बसा मध्य प्रदेश का नर्मदापुरम एक अद्भुत पर्यटन स्थल है। जहां आपको संस्कृति, प्रकृति और आध्यात्मिकता एक साथ देखने को मिलती है। नर्मदापुरम जिसे पहले होशंगाबाद के नाम से जाना जाता था। ये मध्य प्रदेश का एक ऐसा जिला है जिसे भारत में बेहद समृद्ध और सुंदर पर्यटन स्थलों में गिना जा सकता है।

पवित्र नर्मदा नदी के तट पर बसा यह क्षेत्र विरासत, अध्यात्म, प्रकृति और ग्रामीण सौंदर्य का संगम है। यहां का हर कोना कोई न कोई कहानी कहता है। सदियों पुराने मंदिरों से लेकर शांत झीलों, घने जंगलों और जनजातीय संस्कृति तक आपको इतिहास की झलक दिखेगी। वहीं अगर आप इतिहास प्रेमी हैं, प्रकृति पसंद हैं या सुकून ढूंढ रहे हैं तो नर्मदापुरम आपके लिए एक बेहतर स्थान है। अब आप सोच रहे होंगे कि ऐसा क्या खास है तो आइए हम आपको बताते हैं। 

तवा बांध 

तवा बांध और इसका जलाशय सतपुड़ा की गोद में बसे हुए प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीवन का एक अद्भुत केंद्र हैं। बारिश के मौसम में यह क्षेत्र पर्यटकों के लिए बेहद लोकप्रिय हो जाता है। भोपाल से लगभग ढाई घंटे की यात्रा करके आप तवा बांध आ सकते हैं। इतना ही नहीं यहां की क्रूज राइड आपको एक अनोखा अनुभव प्रदान करती है। जलाशय के बीच फैले छोटे-छोटे द्वीपों, सतपुड़ा और चूरना की पहाड़ियों के बीच एक घंटे की शांति से भरी सैर, यहां के नजारे किसी सपने से कम नहीं लगते। अगर आप अब तक यहां घूमने नहीं आए तो एक बार जरूर आइए। आपको एक अलग अनुभव होगा। भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच आपको सुकून मिलेगा। 

तवा बांध तक कैसे पहुंचे?

यहां आने के लिए सबसे पास एयरपोर्ट भोपाल का राजा भोज हवाई अड्डा है। जो नर्मदापुरम से लगभग 70 किमी और तवा से 120 किमी दूर है। यहां से दिल्ली, मुंबई सहित 11 प्रमुख शहरों के लिए हर दिन उड़ानें रहती हैं। ऐसे में आप कहीं से भी आ सकते हैं। भोपाल आने के बाद तवा के लिए टैक्सी सेवा भी आसानी से मिल जाती है। जिससे आप आराम से यहां तक पहुंच सकते हैं। 

मढ़ई  

तवा बांध के बाद अब बात आती है मढ़ई की। जो सतपुड़ा बायोस्फीयर रिजर्व का प्रवेश गेट है। यह क्षेत्र अपने घने जंगलों, घास के मैदानों, बैकवाटर और वन्यजीवों के लिए सिर्फ MP ही नहीं बल्कि देश भर में जाना जाता है। यहां आप जंगल सफारी कर  बाघ, तेंदुआ, सांभर, पक्षियों और अन्य दुर्लभ प्रजातियों को देख सकते हैं। अगर आप मढ़ई आना चाहते हैं तो आप कार से आ सकते हैं। इसके लिए आप ट्रेन या कार से नर्मदापुरम पहुंचे। वहां से मढ़ई के लिए बस या गाड़ी से आए। यहां ठहरने के लिए आपको कई रिजॉर्ट मिल जाएंगे। इतना ही नहीं यहां का खाना भी आपको बेहतर मिलेगा। 

सतपुड़ा राष्ट्रीय उद्यान

सतपुड़ा नेशनल पार्क जंगलों से घिरा हुआ है। यह पार्क पचमढ़ी बायोस्फीयर रिजर्व का कोर जोन है। जो लगभग 4,926 वर्ग किमी में फैला है। यहां सुबह हर दिन जंगल सफारी के साथ-साथ रात की जंगल सफारी भी कर सकते हैं। यह अनुभव आपको तेंदुआ, नीलगाय, उड़ने वाली गिलहरी, विशाल भारतीय गिलहरी जैसे कई वन्य जीवों के साथ-साथ साल, सागौन, बांस और अन्य औषधीय पौधों से भरपूर वनस्पतियों की दुनिया में ले जाएगा।

अब अगर आपके दिमाग में ये आ रहा है कि रहने के लिए क्या खास है? तो यहां आपको कई रिजॉर्ट और होटल मिल जाएंगे। इसके साथ ही आप चाहें तो एमपीटी सतपुड़ा रिट्रीट में बुकिंग कर सकते हैं, जो औपनिवेशिक वास्तुकला वाली एक खूबसूरत हेरिटेज प्रॉपर्टी है और पचमढ़ी की सबसे बेहतरीन जगहों में से एक मानी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *